कमिश्नर एवं डीआईजी ने की हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा। फूल बरसे तो देवों के देव “महादेव” के नारों से गुंजायमान हुआ जनपद। शिव भक्तों का किया अभिनंदन, व्यक्त किया आभार

सहारनपुर : मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रशासन और पुलिस की ओर से मंडलायुक्त डॉक्टर रूपेश कुमार एवं पुलिस उप महा निरीक्षक अभिषेक सिंह ने हेलीकॉप्टर से शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत किया।
हेलीकॉप्टर सरसावा एयर फोर्स स्टेशन से प्रस्थान कर पुष्प वर्षा करते हुए घंटाघर, गागलहेड़ी, राकेश केमिकल पर पहुंचा। हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर फूल बरसते ही पूरा मार्ग शिवभक्ति से सराबोर हो गया। कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं में भी इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशासन एवं पुलिस की कांवड़ यात्रियों ने जमकर सराहना की। पुष्पवर्षा ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
मंडलायुक्त ने साथ ही निर्देश भी दिये कि जनपद के सभी शिवालयों में साफ-सफाई के साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतेजाम रखे जाएं ताकि जल चढाते वक्त किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। परम्परा के अनुसार सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित, सुरक्षित एवं सफल बनाना सभी का उत्तरदायित्व है।
इस अवसर पर अलग-अलग राज्यों को जा रहे शिवभक्तों का अभिवादन कर उनकी पवित्र कांवड यात्रा के सकुशल सम्पन्न होने की कामना की।
ज्ञातव्य है कि जिला प्रशासन कांवड यात्रा शुरू होने के पहले दिन से ही शिवभक्त कांवडियों की सुरक्षा के साथ ही उन्हे हर प्रकार की आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुस्तैद रहा।




