उत्तर प्रदेशएजुकेशनसहारनपुर

KCCP आर्य कन्या इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी छात्राओं एवं मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

सहारनपुर, 15 अगस्त 2026

KCCP आर्य कन्या इंटर कॉलेज, गिल कॉलोनी, सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रबंध समिति, प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं, स्टाफ, छात्राओं एवं रोटरी क्लब सहारनपुर हार्मोनी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार सिंह, मेयर सहारनपुर नगर निगम तथा विद्यालय की प्रबंध समिति के प्रबंधक लोकेश कुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। राष्ट्रगान के साथ पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के पश्चात माँ सरस्वती की प्रतिमा के सामने द्वीप प्रज्ज्वलित किए गए व पुष्प अर्पित किए गए।तत्पश्चात् छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का मन मोह लिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेश भी प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रबंधक लोकेश कुमार शर्मा, विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा तथा उपाध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार भारद्वाज ने छात्राओं, शिक्षिकाओं, स्टाफ एवं प्रबंध समिति की कार्यकारिणी के सदस्यों को संबोधित किया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी चन्द्रिल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना से सशक्त बनाना है।

रोटरी क्लब ने मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

समारोह के दौरान रोटरी क्लब सहारनपुर हार्मोनी द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कुमारी चांदनी, कक्षा 10-B, द्वितीय पुरस्कार कुमारी सना, कक्षा 9-C तथा तृतीय पुरस्कार कुमारी सबिया, कक्षा 12-C ने प्राप्त किया। वहीं कुमारी इशिका एवं कुमारी शिरीन को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र रोटेरियन अनिल कुमार भारद्वाज, रोटेरियन डॉ. अजय कुमार सिंह, रोटेरियन राकेश सपरा एवं रोटेरियन पूनम भारद्वाज द्वारा प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त कर छात्राओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब सहारनपुर हार्मोनी के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि देश का भविष्य उनके हाथों में है और उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज के युवा वर्ग, विशेषकर छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना भी है। मेहंदी प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम छात्राओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

मेधावी छात्राओं को भी किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान विद्यालय की सभी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक लोकेश कुमार शर्मा ने मेधावी छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अन्य छात्राओं को भी निरंतर मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रबंधक लोकेश कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का विकास भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं कुसुमलता एवं रेखा द्विवेदी ने प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया। दोनों शिक्षिकाओं ने पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध रूप से संचालित करते हुए विभिन्न प्रस्तुतियों एवं कार्यक्रमों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि, प्रबंध समिति, रोटरी क्लब सहारनपुर हार्मोनी के सदस्यों, प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं, स्टाफ, कार्यकारिणी के सदस्यों तथा सभी छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, देशभक्ति और छात्राओं की उपलब्धियों की खुशी का माहौल बना रहा। समारोह ने शिक्षा, प्रतिभा, अनुशासन, संस्कार और सेवा का सुंदर संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button