उत्तराखंडहरिद्वार

कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद हरिद्वार में सफाई अभियान की तैयारी, साधु-संतों ने लोगों से सहयोग की अपील। महंत डॉ. रवींद्र पुरी बोले—हरिद्वार हम सभी का साझा घर, स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी

हरिद्वार : कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद हरिद्वार में व्यापक सफाई अभियान की तैयारी शुरू हो गई है। कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के चलते गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों और विभिन्न क्षेत्रों में जमा कचरे की सफाई के लिए जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 12 अगस्त से शुरू होगा।

अध्यक्ष मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत डॉ. रवींद्र पुरी जी महाराज ने साधु समाज, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों तथा आम नागरिकों से इस सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

महंत डॉ. रवींद्र पुरी ने कहा कि कांवड़ मेला सकुशल संपन्न हो चुका है और हरिद्वार हम सभी का साझा घर है। इस पावन नगरी की पवित्रता, सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। मेले के विशाल स्वरूप के कारण वर्तमान में गंगा तटों, घाटों, प्रमुख मार्गों और बस्तियों के आसपास बड़ी मात्रा में कचरा जमा है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम और स्थानीय प्रशासन दिन-रात सफाई अभियान में जुटे हुए हैं, लेकिन इतने बड़े स्तर पर स्वच्छता का कार्य केवल सरकारी तंत्र के भरोसे पूरा नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग और सहभागिता आवश्यक है।

साधु समाज और सामाजिक संस्थाओं से आगे आने की अपील

महंत डॉ. रवींद्र पुरी ने सभी अखाड़ों, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों एवं सेवकों, एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ हरिद्वार की सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक मंडलों तथा प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक से जिला प्रशासन द्वारा 12 अगस्त से चलाए जा रहे सफाई अभियान में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर मां गंगा के पवित्र तटों और हरिद्वार शहर को पुनः स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाने में योगदान दें। जब समाज का हर व्यक्ति इस पावन कर्तव्य में अपना हाथ बंटाएगा, तभी तीर्थनगरी हरिद्वार का वास्तविक स्वरूप और सुंदरता निखरेगी।

उन्होंने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा—“स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार और पावन हरिद्वार बनाने में अपना सहयोग दें।”

कचरा गंगा में न डालें, डस्टबिन में ही करें निस्तारण

महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा उपयोग की गई प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य सामग्री यदि कहीं आसपास पड़ी है तो उसे एकत्र कर नगर निगम के सफाई अभियान में सहयोग किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से लोगों से अपील की कि गंगा घाटों और गंगा किनारे पड़े कचरे को किसी भी स्थिति में गंगा में न डालें, बल्कि उसे निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सुंदरता का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण और मां गंगा के संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। हरिद्वार आने वाले यात्रियों को यहां स्वच्छ और निर्मल वातावरण का अनुभव होना चाहिए।

“स्वच्छता में बढ़-चढ़कर भाग लेगा संपूर्ण साधु समाज”

महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि हरिद्वार में कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया जा रहा सफाई अभियान सराहनीय पहल है। साधु समाज हर वर्ष ऐसे अभियानों में अपनी सहभागिता निभाता रहा है और इस बार भी संपूर्ण साधु समाज इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेगा।

उन्होंने कहा कि जहां स्वच्छता रहती है, वहां सकारात्मक वातावरण के साथ समृद्धि और ईश्वर का वास माना जाता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर बनाया जा सकता है।

94e9019a-28e1-4f3c-9cbd-15015b9bd795

महंत रवींद्र पुरी ने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी को सद्बुद्धि और इस अभियान को सफल बनाने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मां गंगा, भगवान शिव और भगवान विष्णु की इस पावन नगरी में कहीं भी गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए और हरिद्वार आने वाले प्रत्येक यात्री को यहां की स्वच्छता और पवित्रता का अनुभव होना चाहिए।

Related Articles

Back to top button